चाकुलिया: चाकुलिया – मटिहाना मुख्य सड़क पर दिघी गांव के पास शुक्रवार को 10 चक्का ट्रक के साइलेंसर से अचानक घना धुआं निकलने लगा. धुआं निकलते ही चाकुलिया माटिहाना मुख्य सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया और ग्रामीण भी भयभीत हो गए. ट्रक से इतनी अधिक मात्रा में धुआं निकलने लगा कि धुएं के गुब्बारे पूरे क्षेत्र में फैल गए, यह देख आसपास के लोग भी घबरा गए और उन्होंने आशंका जताई कि कोई बड़ा हादसा हो गया है. हालांकि मौके पर मौजूद ट्रक चालक ने बताया कि ट्रक ब्रेकडाउन हो गया था और उसके इंजन में मोबिल प्रवेश कर गया था जिससे साइलेंसर से अत्यधिक धुआं निकलने लगा. चालक के अनुसार खाली ट्रक पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से ओडिशा के जाजपुर की और जा रहा था. तकनीकी खराबी के चलते यह घटना हुई. स्थानीय ग्रामीण और राजगीरों की मदद से स्थिति पर जल्द ही काबू पाया गया और कुछ समय बाद यातायात सामान्य हो गया.



