मेदिनीनगर (पलामू) : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर बेरोजगार संघर्ष मोर्चा के जिला कार्यालय में एक विचार गोष्ठी आयोजित की गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने की. संचालन संजय कुमार ने किया. इस मौके पर मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस प्रत्येक वर्ष 11 जुलाई को मनाया जाता है. अत्यधिक तीव्र गति से बढ़ती जनसंख्या के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के उदेश्य से ही यह दिवस मनाया जाता है. यह जागरूकता मानव सामाज की नई पीढ़ी को बेहतर जीवन देने का संदेश देती है. बच्चों को बेहतर शिक्षा, भोजन, वस्त्र, स्वास्थ्य, वातावरण सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भविष्य में देने के लिए आज छोटे परिवार की महती आवश्यकता निरन्तर बढ़ती जा रही है. प्राकृतिक संसाधनों का समुचित दोहन कर मानव समाज को सर्वश्रेष्ठ बनाये रखने और हर इंसान के भीतर इंसानियत को बरकरार रखने के लिए यह बहुत जरूरी हो गया है कि विश्व जनसंख्या दिवस मनाने के महत्व को समझा जाए. इसलिए विद्वानों ने छोटा परिवार, सुख का आधार ( ‘हम दो, हमारे दो’ का नारा ) दिया था. (नीचे भी पढे़ं)
मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि समग्र विकास के लिए समाज और सरकार को मिलकर पहले आबादी को नियंत्रित करना होगा. आज हमारे देश की जनसंख्या 34 करोड़ से बढ़कर 140 करोड़ हो गयी है. इतनी बड़ी आबादी के लिए मूलभूत सुविधाएं जुटाना और हर हाथ को काम देना किसी भी सरकार के लिए आसान नहीं है. मोर्चा अध्यक्ष ने जनसंख्या नियंत्रण के लिए कठोर कानून बनाने की मांग की. इस अवसर पर उपेक्षा तिवारी, राजेश रंजन, गणेश चंद्र, संजय मिस्त्री, कृष्णा राम, जयपाल मोची, मनु सिंह, अजित कुमार ने अपने विचार व्यक्त किए. राम नरेश महतो ने धन्यवाद ज्ञापित किया.



