चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड में अच्छी वर्षा और खुशहाली के लिए पहाड़ पूजा करने की वर्षों पुरानी परंपरा है. प्रत्येक साल आषाढ़ माह में पहाड़ पूजा करने और मेला आयोजित करने का सिलसिला चलता है. आषाढ़ माह के तीसरे शनिवार को होने वाली कान्हाईश्वर पहाड़ पूजा सबसे प्रमुख पूजा है. आगामी 24 जून को सोनाहातु पंचायत अंतर्गत सातनाला में पहाड़ पूजा होगी और इसके साथ ही पहाड़ पूजा और मेला का सिलसिला शुरू हो जाएगा. पहाड़ पूजा के दौरान मेला और विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं. पूजा में अपार भीड़ उमड़ती है.(नीचे भी पढे)

24 जून को सातनाला पहाड़ पूजा:चाकुलिया की सोनाहातू पंचायत के आमाभुला गांव के पास सातनाला में आगामी 24 जून शनिवार को पहाड़ पूजा होगी. ग्राम प्रधान संतोष कुमार महतो ने बताया कि यहां पहाड़ पूजा करने की वर्षों पुरानी परंपरा है. पुजारी काली पद महतो और भुआ सबर पूजा करेंगे. 12 मौजा के ग्रामीण पूजा करते हैं. यहां मेला भी आयोजित होता है.(नीचे भी पढे)
जामिरा पहाड़ पूजा 29 जून को:प्रखंड के बड्डीकानपुर गांव के पास आगामी 29 जून को जामिरा पहाड़ पूजा होगी. यह पहाड़ प्रखंड मुख्यालय से उत्तर दिशा में लगभग 15 किलोमीटर दूर है. बड्डीकानपुर से लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर पूजा स्थल तक पहुंचा जाता है. पहाड़ पूजा के अवसर पर यहां मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होता है. ग्राम प्रधान पिथो मुर्मू ने बताया कि पूजा को सफल बनाने को लेकर बैठक भी हुई है.(नीचे भी पढे)
5 जुलाई को कान्हाईश्वर पहाड़ पूजा: आषाढ़ महीने के तीसरे शनिवार यानी कि पांच जुलाई को कान्हाईश्वर पहाड़ पूजा होगी. प्रखंड मुख्यालय के उत्तर जयनगर गांव के पास स्थित इस पहाड़ की दूरी लगभग 15 किलोमीटर है. ग्रामीणों के मुताबिक इस पहाड़ का 25 फीसदी भाग पश्चिम बंगाल में और 75फीसदी भाग झारखंड में है. पहाड़ की चोटी पर एक झरना है और झरना का पानी कभी सूखता नहीं है. यह पहाड़ झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है. पूजा के दिन तीन राज्यों के हजारों श्रद्धालु जुटते हैं और पूजा करते हैं. पहाड़ के नीचे मेला भी आयोजित होता है. जयनगर के ग्राम प्रधान सोमाय मांडी ने बताया कि यहां 12 मौजा के ग्रामीण पूजा करते हैं. उन्होंने बताया कि पांच जुलाई को कान्हाईश्वर पहाड़ पूजा होगी.(नीचे भी पढे)
.
8 जुलाई को गोटाशिला पहाड़ पूजा:प्रखंड की माटियाबांधी पंचायत में आगामी आठ जुलाई को गोटाशिला पहाड़ पूजा होगी. यह पूजा भी तीन राज्यों की आस्था का केंद्र है. पूजा स्थल पर एक शिव मंदिर है और एक झरना है. ग्राम प्रधान मनिंद्र नाथ महतो ने बताया कि इस साल आठ जुलाई को धूमधाम से पूजा होगी.(नीचे भी पढे)
12 जुलाई को खोड़ी पहाड़ी पूजा:खोड़ी पहाड़ी पूजा प्रखंड क्षेत्र के जुगीतुपा पंचायत में खोड़ी पहाड़ी पूजा होती है. सोनाहारा गांव के पास यह पहाड़ी है. इस साल 12 जुलाई को पूजा होगी. यहां भी पूजा करने के लिए हजारों भक्तों की भीड़ जुटती है. मेला और संस्कृति कार्यक्रम आयोजित होता है. कमेटी के अमर हांसदा ने बताया कि इस साल धूमधाम से पूजा आयोजित होगी. यहां पर 12 मौजा के ग्रामीण पूजा में शामिल होते हैं.(नीचे भी पढे)
15 जुलाई को घोटीडूबा पहाड़ पूजा: प्रखंड की सोनाहातु पंचायत में सोनाहातु गांव के घोटीडूबा टोला में है यह पूजा स्थल. यहां 15 जुलाई को पूजा होगी. यहां पूजा होने के बाद इस प्रखंड में पहाड़ पूजा का दौर लगभग थम सा जाता है.



