चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 के प्रखंड कार्यालय रोड होते हुए नागाबाबा मंदिर और आनंद मार्ग स्कूल तक स्वीकृत स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना में संबंधित संवेदक द्वारा काफी अनियमितता बरती जा रही है. सोमवार को योजना कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे कांग्रेस युवा मोर्चा विस अध्यक्ष विक्रम सिंह चौहान और सचिव अंशु मिश्रा ने योजना निर्माण में अनियमितता पाकर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी चंदन कुमार को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच करने की मांग की है.(नीचे भी पढ़े)
सौंपे गए ज्ञापन में कहा है कि योजना स्थल पर संवेदक द्वारा सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है जिस कारण ग्रामीणों को योजना की पूर्ण जानकारी नहीं मिल पा रही है. कहा की योजना निर्माण में संवेदक द्वारा योजना निर्माण में निम्न कोटि के सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है. संवेदक द्वारा काफी अनियमितता बरती जा रही है और कार्य के दौरान योजना स्थल पर कोई भी विभागीय अधिकारी के नहीं रहना काफी संदेहास्पद है. उन्होंने ज्ञापन सौंपकर योजना की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है. इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी चंदन कुमार ने दूरभाष पर बताया कि कांग्रेस नेताओं की शिकायत पर विभाग के जेई को जांच करने का आदेश दिया गया है.



