बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड की बहुलिया पंचायत के सुप्रसिद्ध चित्रेश्वर शिव मंदिर परिसर में स्थापित 100 केवीए का ट्रांसफार्मर बिगत एक सप्ताह से ठप है, जिससे मंदिर परिसर सहित आसपास के लगभग 100 घरों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है और उमस भरी गर्मी से ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है. बिजली ना होने से इन्वर्टर की बैटरियां जवाब दे चुकी हैं, जिसके कारण दुकानों और घरों में बैठना दूभर हो गया है, वहीं मंदिर में पानी का मोटर ना चलने से पुजारियों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़े)
स्थानीय ग्रामीण प्रिया लाल लेंका, जयंत घोष, बृजेंद्र घोष, और रवि शंकर दुबे सहित दर्जनों लोगों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि एक सप्ताह से लोग मोमबत्ती के सहारे रातें काट रहे हैं और जनप्रतिनिधियों को सूचना देने के बावजूद अब तक नया ट्रांसफार्मर लगाने की दिशा में कोई पहल नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में विभाग और प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है. ग्रामीणों ने मांग किया है कि जल्द से जल्द गांव में नया ट्रांसफार्मर दी जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके.



