पोटका: प्रखंड क्षेत्र के हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन में वर्ष 2022 से चल रहे लोडिंग-अनलोडिंग कार्य के कारण मुख्य सड़क पर बढ़ रहे धूल प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. रेलवे एवं प्रशासन के वरीय अधिकारियों से कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर अब मामले को जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी शुरू कर दी गई है.हल्दीपोखर (पूर्वी) पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने बुधवार को हाता में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि रेलवे साइडिंग में लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान भारी मात्रा में धूल उड़ने से आसपास के लोगों को काफी परेशानी हो रही है. इसका सबसे अधिक असर आम राहगीरों और स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है.उन्होंने कहा कि प्रदूषण की समस्या को लेकर रेलवे के डीआरएम, जीएम, स्टेशन मास्टर, जिला प्रशासन के अधिकारियों, राज्य एवं जिला प्रदूषण नियंत्रण विभाग तथा एनजीटी तक शिकायत की गई है.इसके बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होना चिंता का विषय है.(नीचे भी पढ़े)
12 सितंबर से हस्ताक्षर अभियान: मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने कहा कि अब ग्रामीणों को इस मुद्दे से जोड़कर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा. इसके तहत आगामी 12 सितंबर को हल्दीपोखर से हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा. अभियान के माध्यम से ग्रामीणों का समर्थन जुटाकर आगे के आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी.उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर मामले को लेकर पीआईएल भी दाखिल किया जाएगा, ताकि हल्दीपोखर एवं हाता क्षेत्र को प्रदूषण से मुक्त कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई हो सके.(नीचे भी पढ़े)
प्रेसवार्ता में कई लोग रहे मौजूद:प्रेसवार्ता में जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, भाजपा नेता मनोज सरदार, गणेश सरदार, मनोज राम, प्रकाश सरदार एवं समाजसेवी कृष्णा गोप समेत अन्य लोग उपस्थित थे.




