पोटका:पोटका के हल्दीपोखर में पूर्व की भांति शिव गाजन पूजा और पारंपरिक छऊ नृत्य का आयोजन धूमधाम से किया गया. रविवार को आयोजित कार्यक्रम में जाम डाली यात्रा,गरिया भार, तथा तीन छऊ नृत्य दलों द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं. इस अवसर पर पोटका के विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने स्वयं यात्रा में भाग लेकर श्रद्धालुओं व भोक्ताओं का उत्साहवर्धन किया.विधायक संजीव सरदार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हल्दीपोखर की यह परंपरा क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर है, जिसमें शिव भक्ति और छऊ नृत्य के माध्यम से जनआस्था की सुंदर अभिव्यक्ति होती है. उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पार्षद सूरज मंडल समेत छोटे-छोटे बच्चों ने भी उपवास रखकर भोक्ता बन कर शिवजी के प्रति अपनी गहरी आस्था दिखाई, जो सराहनीय है. (नीचे भी पढ़े)
जाम डाली यात्रा स्थानीय कमल तालाब से आरंभ हुई, जो कोवाली रोड, मुख्य बाजार, चावल बाजार, दुर्गा मंदिर होते हुए रंकिणी मंदिर तक पहुंची और फिर शिव मंदिर में जाकर सम्पन्न हुई. यात्रा में सैकड़ों भोक्ताओं ने भाग लिया, जो ढोल-नगाड़े, बाजे-गाजे के साथ भक्तिभाव से वातावरण को गुंजायमान कर रहे थे. यह यात्रा पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्सव का संदेश लेकर निकली.कार्यक्रम के सफल आयोजन में कमेटी अध्यक्ष सुनील मुंडा, सचिव मनोज सरदार, रामसिंह मंडल, कोषाध्यक्ष रामलाल गोप, सह कोषाध्यक्ष चेपा पालित, देव पालित, सिमंत पालित की सक्रिय भूमिका रही. पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, सुनील महतो, उप मुखिया ओमप्रकाश गुप्ता समेत अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे. शिव गाजन पूजा का समापन पाट भोक्ता कार्यक्रम के साथ होगा.




