बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड की मानुषमुरिया पंचायत के मानुषमुरिया–सोनाकड़ा मुख्य सड़क पर पांकलो गांव के समीप स्थित पुलिया की जर्जर स्थिति राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. पुलिया के ऊपर सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया है. वहीं खेत का पानी टूटी हुई पुलिया के ऊपर से बह रहा है, जिससे सड़क पर फिसलन की स्थिति उत्पन्न हो गई है. जिसके कारण इस मार्ग से आवागमन करने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है. ग्रामीण पुलिन राणा,स्वरूप राणा, सत्य रंजन नायक,दुखीराम गोप,परमेश्वर नायक,परान गोप,बीरेन गोप,जनता गोप,बबलू मुर्मू,आशुतोष पातर, जगदीश नायक, गौरांग नायक के अनुसार यह सड़क आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है. प्रतिदिन इस रास्ते से बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्कूली बच्चे, किसान, दोपहिया वाहन चालक समेत अन्य छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. पुलिया की खराब स्थिति और ऊपर से बहते पानी के कारण लोगों को काफी सावधानी के साथ आवागमन करना पड़ रहा है. विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थान अधिक जोखिमपूर्ण हो गया है. सड़क पर पानी बहने के कारण गड्ढे की वास्तविक गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है. वहीं रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से वाहन चालकों को गड्ढा दिखाई नहीं देने की आशंका बनी रहती है. (नीचे भी पढ़े)
ऐसी स्थिति में वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो सकता हैं.ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यहां कभी भी बड़ी सड़क दुर्घटना होने से इनकार नहीं किया जा सकता है. यदि समय रहते संबंधित विभाग की ओर से आवश्यक मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन गंभीर हादसा हो सकता है. विशेषकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पांकलो के समीप पुलिया का तत्काल निरीक्षण कराया जाए. क्षतिग्रस्त हिस्से की अविलंब मरम्मत के साथ खेत के पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. साथ ही स्थायी मरम्मत होने तक दुर्घटना की आशंका को देखते हुए चेतावनी संकेतक और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाए. ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि किसी बड़ी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को समय रहते पहल करनी चाहिए, ताकि संभावित हादसे को रोका जा सके और इस मार्ग पर आवागमन सुरक्षित बनाया जा सके.












