गालूडीह: रविवार को गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ाखुर्शी पंचायत के गिधिविल गांव में एक भी घर में चूल्हा नहीं जला. गांव के सभी जाति के लोग सातगुरुम नदी के किनारे जुगनी बाटिया वनभोज सह मिलन समारोह में भाग लिया. सभी ग्रामीण अपने घर में पूजा-पाठ कर जंगल में वन देवता की पूजा की तथा चढ़ावा के रूप में एक-एक मुर्गी के बच्चे को जंगल में छोड़ा. इसके साथ ही अलग-अलग पकवान बनाकर वन देवता को अर्पित किया.(नीचे भी पढ़े)

ग्रामीणों ने बताया कि माघ महीने में रविवार को प्रत्येक वर्ष जुगनी बाटिया मनाया जाता है. साथ ही गांव में सुख-शांति के लिए ग्रामीण एक साथ नया साल मनाते हैं. गांव के योगेंद्र महतो ने बताया कि यह पूजा पूर्वज करते आए हैं. इस परंपरा को ग्रामीण भी निभा रहे हैं. यदि गांव का कोई गांव से बाहर है तो इस दिन गांव वापस आ जाता है. इस दिन किसी के घर में चूल्हा नहीं जलता है. सभी लोग नदी किनारे ही भोजन बनाकर एक साथ बैठकर खाते हैं. इसके बाद गांव को लेकर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होती है.



