जादूगोड़ा : मुसाबनी नंबर 2 निवासी अभिषेक रहमान (22 ) ने सोमवार सुबह 8:30 बजे के करीब नरवा पहाड़ के पास गुर्रा नदी पुलिया से छलांग लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की खबर मिलते ही जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे, जबकि वहां लोगों की भीड़ लग गई. स्थानीय गोताखोरों ने शव को निकालने का प्रयास किया लेकिन नदी 20 फीट गहरी होने की वजह स्थानीय युवक असफल रहे. कल जमशेदपुर से गोताखोरों को बुलाया गया है ताकि शव निकाला जा सके. (नीचे भी पढ़ें)

प्रत्यक्ष दर्शी, यूसिल कर्मी बी गोराई ने बताया कि मोटरसाइकिल से दंपति नरवा पुलिया के समक्ष खड़ा था. वे उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर रुक गए।इसी बीच अभिषेक रहमान ने नदी में छलांग लगा दी व उसके साथ बगल में खड़ी उनकी पत्नी अफसाना परवीन ने कूदना चाहा तब तक उसे समझा-बुझाकर मना लिया गया, जिससे उसकी जान बच गई. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं. हालांकि, छलांग लगाने के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नरवा पुलिया से पुल पर जाली लगने की मांग उठाई है ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए व भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
यूसिल कर्मी बी गोराई ने बचाई अफसाना परवीन की जान
यह संयोग था कि घटना के वक्त नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट के मैकेनिकल विभाग में कार्यरत बी गोराई नरवा पहाड़ यूसिल कॉलोनी से घाटशिला जा रहे थे. इसी क्रम में एक मोटरसाइकिल पर एक अनजान महिला-पुरुष नरवा पुलिया के समक्ष नदी में कूदने का असफल प्रयास कर रहे थे।जिस पर उनकी नजर पड़ी। तबतक मृतक अभिषेक रहमान नदी में छलांग लगा चुके थे व उसकी पत्नी अफसाना परवीन भी कूदने की तैयारी में थी. किसी तरह उसे समझा बुझा कर शांत किया गया व उसकी जान बच गई.












