चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड के कुचियाशोली पंचायत के डॉ रविंद्रनाथ सोरेन चौक के पास रविवार को जेएलकेएम पार्टी के मुख्य कार्यालय का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि डुमरी के विधायक सह जेएलकेएम पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो ने फीता काट कर किया. इसके पूर्व पुराना बाजार स्थित बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति पर माल्यार्पण किया. इसके बाद नया बाजार स्थित शहीद भगत सिंह चौक पर शहीद भगत सिंह की मूर्ति पर भी माल्यार्पण किया. जयराम महतो ने कुचियाशोली स्थित शहीद निर्मल महतो और स्व डॉ रविंद्र नाथ सोरेन की मूर्ति पर माल्यार्पण किया. उद्घाटन के बाद जयराम महतो ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हजारों वीरों के बलिदान के बाद झारखंड राज्य का निर्माण हुआ है.(नीचे भी पढ़े)

राज्य बनाने के लिए असंख्य लड़ाईयां लड़ी गईं. तब जाकर झारखंड राज्य का निर्माण हुआ है. लेकिन राज्य की सरकारों द्वारा स्थानीय नीति नहीं बनाने के कारण झारखंड के लोग अपने ही राज्य में मजदूर बन कर रह गए है. यदि झारखंड सरकार स्थानीय नीति नहीं बनाती है तो आने वाले दिन झारखंड में झारखंडियत नाम का शब्द नहीं रह जाएगा. सरकार वोट लेने के लिए मंईंया सम्मान के रूप में महिलाओं को 2500 रुपए दे रही है. परंतु सहिया, जल सहिया 3000 रुपए वेतन के लिए सरकार से मांग कर रही है.उन्होंने कहा कि यदि सरकार मंईंयां सम्मान में 2500 रुपए महिलाओं को देने का काम कर रही है तो सेविका,सहिया, जलसहिया आठ घंटा काम कर रही है, को 5000 रुपए से ज्यादा वेतन देने का काम करें. उन्होंने कहा कि वे गिरिडीह जिला से चुनाव जीत कर विधायक बने हैं. जब जब जनता पर आंच आएगी तब तब वे ढाल बन कर जनता के साथ खड़ा रहने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि झारखंड के लोग संगठित होकर तबतक आंदोलन करते रहे जबतक झारखंड की परिस्थिति में बदलाव ना हो. (नीचे भी पढ़े)

कहा की वे चुनाव जीतकर विधान सभा में कभी भी एक विधायक के रूप में नहीं बल्कि गांव के एक बेटा के रूप में आपकी समस्याओं को रखने का काम किया है और आगे भी इसी तरह आपकी आवाज बनकर विधान सभा में गूंजते रहेंगे. इस मौके पर शंखदीप महतो, सुफल महतो, अनिर्बान सिंह रॉय, कलन महतो, बासुदेव महतो, असित महतो, विश्वजीत महतो, कमल महतो, अशोक महतो, ज्योतिर्मय महतो, अमित महतो, सचिन महतो, शुभदीप महतो, जयराम महतो, परिमल महतो, कार्तिक महतो, मुकेश महतो, मिंटू महतो, राजू महतो, विक्की महतो, दुर्गापद घोष, विशंभर बारीक, पलाश बारीक, कृष्णा कुमार भोल समेत अनेक पुरुष और महिलाएं उपस्थित थे.














