जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी से शनिवार को एक दुखद खबर सामने आई. मुसाबनी से दैनिक भास्कर के पत्रकार मृत्युंजय सिंह की करंट लगने से मौत हो गई. इस घटना से उनके परिवार समेत पूरे पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. जानकारी के अनुसार, मृत्युंजय सिंह मुसाबनी स्थित एचसीएल कंपनी के क्वार्टर में अपनी पत्नी और पुत्री के साथ रहते थे. शनिवार सुबह वह अपनी पत्नी और बेटी को बिहार के जमुई स्थित पैतृक गांव भेजने के लिए घाटशिला रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे. दोनों के ट्रेन से रवाना होने के बाद वह वापस अपने आवास लौट आए. बताया जाता है कि घर लौटने के बाद वह क्वार्टर के पीछे स्थित खटाल की ओर गए. इसी दौरान किसी तरह बिजली के संपर्क में आने से उन्हें जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़े. घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पत्रकार रणधीर कुमार सबसे पहले वहां पहुंचे और आसपास के लोगों को जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों ने बिजली का संपर्क बंद कर उन्हें तत्काल इलाज के लिए स्थानीय चिकित्सक डॉ सतपति के पास पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पर मुसाबनी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि जिन पत्नी और बेटी को वह कुछ घंटे पहले स्टेशन छोड़कर आए थे, उन्हें यह अंदाजा भी नहीं था कि यह उनकी अंतिम विदाई होगी. मृत्युंजय सिंह अपने पीछे पत्नी और एक पुत्री को छोड़ गए हैं. उनके निधन पर पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है.







