चाकुलिया: कुड़मी जाति को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने की मांग को लेकर मंगलवार से कुड़मी समाज के लोगों ने पश्चिम बंगाल के खेमाशुली के पास एनएच 49 को अनिश्चित काल के लिए जाम कर दिया है. एनएच जाम होने से वाहनों का परिचालन पूर्ण रूप से बंद है. इससे यात्री और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जाम का नेतृत्व कुड़मी समाज के प्रदेश अध्यक्ष राजेश महतो, वीरेंद्र महतो, कौशिक महतो समेत अन्य नेता कर रहे हैं.(नीचे भी पढ़े)
खेमाशुली में एनएच जाम होने से वाहनों की कतार खेमाशुली से लेकर बहरागोड़ा के जगन्नाथपुर तक पहुंच गई है. जाम में सैकड़ों वाहन फंसे हैं और चालक परेशानियों में पड़े हैं. एनएच 49 से वाहनों का पश्चिम बंगाल जाना और पश्चिम बंगाल से झारखंड आना बंद हो गया है. कुड़मी समाज के प्रदेश अध्यक्ष राजेश महतो ने दूरभाष पर बताया कि कुड़मी जाति को एसटी में शामिल करने की मांग को लेकर समाज के लोगों द्वारा मंगलवार से अनिश्चितकाल के लिए एनएच जाम किया गया है. उनका कहना है कि समाज की मांग को राज्य और केंद्र सरकार नहीं मान रही है. (नीचे भी पढ़े)
कहा कि जब जब आंदोलन किया गया तब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है. उन्होंने कहा कि खेमाशुली में रेल चक्का जाम करने की कोई योजना नहीं है. राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट करने के लिए यहां पर हाईवे को अनिश्चितकाल के लिए जाम किया गया है. समाचार लिखे जाने तक एनएच-49 जाम है और विभिन्न राज्यों से बहरागोड़ा होकर कोलकाता जाने वाली वाहनों की कतार लंबी होती जा रही है.











