
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के पूर्वांचल के बहुलिया पंचायत के गोदा गांव निवासी शिवशंकर सिंह और अरूण सिंह दो भाई महीनों से पीएम आवास मिलने की आस में परिवार समेत प्लास्टिक के घर में रहने पर विवश है. बुधवार को बहुलिया पंचायत के दौरे पर पहुंचे विधायक समीर महंती जब गोदा गांव पहुंचे तो उनकी नजर दोनों परिवार द्वारा निर्मित प्लास्टिक के घर पर पड़ी तो विधायक दोनों भाइयों के परिवार के पास पहुंचकर मामले की जानकारी ली. परिवार के सदस्यों ने बताया कि दोनों भाईयों के नाम पर पीएम आवास स्वीकृत है परंतु फिलहाल प्रतीक्षा सूची में है.
कहा कि उनके पहले कच्चे मकान थे, पीएम आवास मिलने की सूचना पर वे अपने कच्चे मकान को तोड़ दिया ताकि उस जगह पर पक्का घर बना सके परंतु अब उनके पास ना तो कच्चे मकान रहे और ना ही उन्हें पीएम आवास निर्माण कराने के लिए रूपय मिल पाया है. मजबूरन वे प्लास्टिक के घर बनाकर परिवार सहित प्लास्टिक के घर में रहने पर विवश है. फिलहाल दोनों भाइयों के प्लास्टिक के आवास के चारों ओर पानी का जमाव है. परिवार की स्थिति को देखते हुए विधायक समीर महंती ने दोनों ही परिवार को एक एक तिरपाल उपलब्ध कराया. मौके पर श्री महंती ने परिवार को आश्वस्त किया कि वे संबंधित पदाधिकारी से बात कर जल्द से जल्द पीएम आवास निर्माण कराने की दिशा में पहल करेंगे.







