
घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र के एक गांव में बीती रात एक युवक द्वारा नशे की हालत में गांव की ही 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है. घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है. घटना की सूचना पाकर एसडीपीओ और घाटशिला थाना प्रभारी गांव पहुंचे और ग्रामीण व पीड़ित परिवार से मामले की जानकारी ली. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और परिजनों के बयान पर घाटशिला थाना में मामला दर्ज कर लिया है. बुधवार की सुबह मृत बच्ची के शव को अनुमंडल अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया. मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है कि उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म कर गला दबाकर कर उसकी हत्या दी है. बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने की घटना क्षेत्र में जंगल की आग की तरह फैल गई और इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्रामीण और पीड़ित परिवार के सदस्यों ने पुलिस पदाधिकारी से मिलकर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है.




