जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका डुमरिया थाना अंतर्गत छोलाबेड़ा गांव में शुक्रवार देर रात राम हो (35 वर्ष) की पड़ोसी सेलाय लुगुन ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही डुमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है. पुलिस के अनुसार, यह वारदात रात 8 बजे से लेकर करीब आधी रात 12 बजे के बीच हुई.(नीचे भी पढ़े)
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि किसी विवाद को लेकर आरोपी ने धारदार हथियार से राम हो पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मृतक की पत्नी कल्पना हो को मिली, जिन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम को देखा. कल्पना हो ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उन्होंने आरोपी को पहचान लिया और तत्काल इसकी सूचना डुमरिया थाने को दी. (नीचे भी पढ़े)
सूचना पाते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी कुल्हाड़ी भी जब्त की है, जिसे हत्या में प्रयुक्त बताया जा रहा है. डुमरिया थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयान पर धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की जांच जारी है.(नीचे भी पढ़े)
इस घटना से छोलाबेड़ा गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि राम हो शांत स्वभाव के व्यक्ति था और उनके साथ इस तरह की घटना चौंकाने वाली है. पुलिस अब हत्या के पीछे के कारण और पृष्ठभूमि की गहराई से जांच कर रही है.




