
मुसाबनी : छठ महापर्व को लेकर राज्य सरकार द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रखड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी सीमा कुमारी ने छठ घाटों का निरीक्षण किया. बीडीओ ने मुसाबनी थाना क्षे़त्र के मुसाबनी तालाब, बादिया तालाब, मउभंडार स्थित स्वर्णरेखा नदी छठ घाट, जादूगोडा के राखा कॉपर छठ घाट, जादूगोडा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर छठ घाट, ईट्टा भट्ठा छठ घाट आदि घाटों का निरीक्षण किया और उपस्थित छठ पूजा समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. उन्होंने लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर सभी व्रतियों और श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा है कि पूजा के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अवश्य करे और मास्क का उपयोग करें.
छठ पूजा समितियों से माईक के माध्यम से सभी छठ वर्तियों को छठ घाटों पर सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन, मास्क या फेस कवर का इस्तेमाल आवश्यक रूप से करने की अपील करते रहने का निर्देश दिया है. प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी छठ घाटों की सफाई युद्ध स्तर पर करने का निर्देश यूसीआईएल एवं एचसीएल कंपनी को दिया है. यूसीआईएल को शिव मंदिर और ईंट भटठा छठ घाट में साफ- सफाई तथा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव अवश्य कराने का निर्देश दिया है. वहीं एचसीएल को राखा कॉपर छठ घाट जाने के रास्ते में मरम्मत करने को कहा गया. सभी छठ पूजा समितियों से हर्षोल्लास से पर्व मनाने और शांतिपूर्वक तरीके से छठ पूजा का आयोजन कराने में सहयोग की अपील की है.







