जादूगोड़ा : समाजसेवी सोमाय टुडू की पहल पर सबर आदिम जनजाति के दो मेधावी विद्यार्थियों, सोनिया सबर व मंगल सबर का पोटका के हल्दीपोखर +2 विद्या निकेतन में नामांकन हुआ है. इस संबंध में सोमाय टुडू ने कहा कि ये दोनों सबर बच्चे डुमरिया प्रखंड की केंदुआ पंचायत के अंतर्गत लांगो गांव के पाड़सीगाजाड़ टोला के निवासी हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इन दोनों सबर बच्चों ने पोटका प्रखंड के ग्वालकाटा पंचायत स्थित सबर जनजाति आवासीय छात्रावास में रह कर मैट्रिक की परीक्षा दी थी. इनमें सोनिया सबर ने मैट्रिक की परीक्षा में कुल 410 अंक (82%) प्राप्त किए थे. वहीं मंगल सबर को मैट्रिक की परीक्षा में कुल 389 (77%) अंक प्राप्त हुए हैं. आर्थिक तंगी से जूझ रहे इन दोनों सबर विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई का पूरा खर्च सोशल वर्कर सोमाय टुडू ने वहन करने का बीड़ा उठाया है. सोमाय टुडू के इस फ़ैसले से दोनों सबर बच्चों के चेहरे खिल उठे हैं व उम्मीद है कि अब उनके आगे का पढ़ने का सपना भी पूरा हो पाएगा.






