गालूडीह : घाटशिला थाना क्षेत्र के काशीदा पंचायत अंतर्गत ऊपर पावड़ा में बृहद जलापूर्ति योजना में जलमीनार निर्माण करने वाली एजेंसी द्वारा पाइप लाइन बिछाने के क्रम में सरकारी एवं सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के लिए जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू ने उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम से शिकायत की है. ज्ञापन में कहा गया है कि ऊपर पावड़ा में बृहद जलापूर्ति योजना हेतु जलमीनार का निर्माण किया जा रहा है, जहां से पंचायत के विभिन्न गांवों में पाइप लाइन द्वारा पेयजल आपूर्ति का प्रस्ताव है. इसके लिए संबंधित एजेंसी द्वारा चेंगजोड़ा, बनटोला, ऊपर पावड़ा, गहनडीह, प्रेमनगर, सुंदरनगर समेत विभिन्न गांव में गड्ढा खोदकर पाइप लाइन बिछाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पाइप लाइन बिछाने के क्रम में पीसीसी सड़क एवं शाखा नहर को जेसीबी से क्षतिग्रस्त किया गया है. बड़े-बड़े पत्थरों को बेतरतीब ढंग से यहां वहां रख दिया गया है. सड़क के किनारे पाइप लाइन बिछाने के बाद मिट्टी की ड्रेसिंग भी नहीं की गई है. इससे बारिश में मिट्टी बह गयी है. पीसीसी सड़क नीचे से खोखली हो गई है. वाहनों के परिचालन से किसी भी समय पीसीसी सड़क टूट सकती है. कुछ जगहों पर ग्रामीणों की सहमति के बिना ही पाइप लाइन बिछा दी गई है, जिसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश हैं. देवयानी मुर्मू ने उपायुक्त से मामले की जांच कर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.




