चाकुलिया : चाकुलिया थाना परिसर में गुरुवार को आगामी ईद एवं रामनवमी के मद्देनजर शांति समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में समिति के सदस्यों ने विभिन्न समस्याओं को रखकर जुलूस के पूर्व समाधान करने की मांग रखी, वहीं समिति के सदस्यों ने चाकुलिया मुख्य सड़क किनारे दुकानदार द्वारा सड़क के बगल में समान रखकर सड़क के किये गये अतिक्रमण को मुक्त कराने की मांग भी रखी. बैठक को संबोधित करते हुए घाटशिला के एसडीओ सुनील चन्द्रा ने कहा कि रामनवमी जुलूस के पूर्व स्थानीय प्रशासन द्वारा बाजार क्षेत्र में अभियान चलाकर अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा. उन्होंने कहा कि दिन में बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के लिए दिन में नो एंट्री करने एवं उन्होंने नप पदाधिकारी को बाजार क्षेत्र में मुख्य सड़क के किनारे किसी व्यक्ति द्वारा बालू और गिट्टी गिराकर सड़क को अवरूद्ध किये जाने के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश भी दिया. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में श्री चंद्रा ने सभी लोगों से ईद और रामनवमी का पर्व आपसी एकता और भाईचारे के साथ मनाने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि अखाड़ा जुलूस निर्धारित समय एवं निर्धारित रूट पर ही निकालने की हिदायत दी, ताकि स्थानीय प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग किया जा सके. मौके पर एसडीपीओ अजित कुजूर, एलआरडीसी एनएन सुरीन, बीडीओ आरती मुंडा, सीओ नवीन पुर्ती, इंस्पेक्टर मनोज गुप्ता, नप पदाधिकारी चंदन कुमार, थाना प्रभारी संतोष कुमार, पूर्व नप अध्यक्ष संध्या रानी सरदार, प्रमुख धनंजय करुणामय, दिनेश सिंह, गणेश रुंगटा, मुरारी शर्मा, पार्थो महतो, परमानंद सिंह, संजय दास, पतित पावन दास, मिन्हाज अख्तर, मो गुलाब, राशिद खान समेत अन्य उपस्थित रहे.



