घाटशिला : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा हाल ही में दिए गए कथित बयान, जिसमें भारत की आस्था और प्रतिभा को लेकर टिप्पणी की गई, के विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया. यह विरोध कार्यक्रम घाटशिला स्थित मऊभंडार मार्केट चौक पर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए. कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी ने किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के बयान को सनातन भावनाओं के विरुद्ध बताते हुए कड़ी निंदा की और नारेबाजी कर अपना आक्रोश व्यक्त किया. इस अवसर पर श्री तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान न केवल देश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं को आहत करता है, बल्कि समाज में वैचारिक विभाजन को भी बढ़ावा देता है. उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और आस्था विश्व में अद्वितीय है, और इस प्रकार के गैर-जिम्मेदाराना बयान किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देते. उन्होंने मुख्यमंत्री से अपने बयान पर तत्काल स्पष्टीकरण देने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
श्री तिवारी ने कहा कि भाजपा सदैव राष्ट्र की संस्कृति, परंपरा और जनभावनाओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी किसी भी प्रकार के अपमान के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से विरोध जारी रखने का आह्वान किया. प्रदर्शन में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में मुख्यमंत्री के बयान का विरोध करते हुए कहा कि इस प्रकार के वक्तव्य समाज में भ्रम और असंतोष पैदा करते हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की टिप्पणियां भविष्य में दोहराई जाती हैं, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा. कार्यक्रम में घाटशिला मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय, ब्रजेश सिंह, प्रदीप सिंह तोमर, प्रमोद सिंह, रमेश ठाकुर, दिनेश जयसवाल, विद्यासागर पातर, जाकिर हुसैन, चंदन महतो, शेखर बेरा, आशीष महतो, पापुन दास, मिंटू रुहीदास, राजू सिंह, पप्पू साहू समेत अन्य उपस्थित थे.



