जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के संयोजन में शुक्रवार, 7 अगस्त को प्लस-2 उच्च विद्यालय जादूगोड़ा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है. शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ मौसम सम्बन्धी बीमारियों को लेकर जागरूकता व जरूरत के अनुसार दवा व नेत्र रोगियों को दवा व चश्मा के साथ निःशुल्क ऑपरेशन लिए बागबेड़ा स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में निर्देशित किया जायेगा.
रेड क्रॉस का रक्तदान शिविर 8 को
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा प्रत्येक माह की भांति शुक्रवार, 8 अगस्त को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. यह रक्तदान शिविर अन्तरराष्ट्रीय संस्था एमसीकेएस फूड फॉर हगंरी के संयोजन में साकची रेड क्रॉस भवन में आयोजित किया जाएगा. संस्था ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान का आह्वान किया है, इस रक्तदान शिविर में 8 मई एवं उससे पूर्व के रक्तदान किये सभी रक्तदाता रक्तदान कर सकेंगे. रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से अपने रक्तदाताओं को सूचित किया गया है ताकि वे समय पर आकर रक्तदान कर सकें.
पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस का 821वां नेत्र शिविर 8 से
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी, राममनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 821वां नेत्र शिविर झारखंड गौशाला संघ के अध्यक्ष, उद्योगपति सह समाजसेवी राजकुमार अग्रवाल के संयोजन में 8 अगस्त से 10 अगस्त तक बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में आयोजित किया जाएगा. शनिवार, 8 अगस्त को नेत्र रोगियों की आंखों की जांच की जाएगी तथा मोतियाबिन्द ग्रस्त नेत्र रोगियों का चयन ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण के लिए किया जाएगा. रविवार, 9 अगस्त को नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह, डॉ भारती शर्मा, डॉ पूनम सिंह, डॉ विवेक केडिया एवं उनकी सहयोगी टीम नेत्र रोगियों का राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के आधुनिक ऑपरेशन थिएटर में ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण करेगी. 10 अगस्त को ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों की आंखों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच की जाएगी तथा उन्हें आवश्यक दवा, चश्मा व जरूरत के अनुसार दवाइयां प्रदान कर विदा किया जाएगा.




