
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के जुगितुपा पंचायत के एक गांव के झामुमो कार्यकर्ता के पिता का देहांत होने पर परिवार के अपने और रिश्तेदारों ने अंतिम संस्कार में शामिल होने से मुंह मोड़ लिया. गांव के ग्रामीण भी गांव के पास श्मशान घाट पर दाह संस्कार करने की अनुमति नहीं दे रहे थे. लोगों का कहना है कि बुजुर्ग की मौत कोरोना संक्रमण से हुई है. इससे परेशान झामुमो कार्यकर्ता ने विधायक समीर महंती को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर विधायक श्री महंती ने मानवता दिखाते हुए अपने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचकर लोगों को समझा बूझा कर मामला शांत किया और खुद श्मशान घाट में खड़ा रहकर कार्यकर्ताओं से चिता सजवायी. तब जाकर कार्यकर्ता के पिता का अंतिम संस्कार हुआ. विदित हो की गांव निवासी बुजुर्ग कुछ दिन पहले कोरोना पोजेटिव हुए थे. उनका इलाज चल रहा था. देहांत होने के पश्चात डॉक्टर ने दोबारा कोविड जांच की तो रिपोर्ट नेगेटिव आयी थी, जिस पर मृत बुजुर्ग के पार्थिव शरीर को परिजनों को सौंपा गया.




