
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने इन दिनों नशे के खिलाफ अभियान को तेज कर दिया है. बीते दिनों ही सोनारी पुलिस ने 102 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा ही था कि इधर मानगो पुलिस ने भी जवाहर नगर रोड नंबर 13 के पास छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. जांच करने पर इनके पास से पुलिस ने लगभग 102 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया है. पकड़ाए गए युवकों में जवाहर नगर रोड नंबर 14 निवासी रिजाउल हक उर्फ बतिस्ता उर्फ जियो और मो इरशाद अंसारी शामिल है. पुलिस दोनो को जेल भेजने की तैयारी कर रही है. मामले के संबंध में मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में दो लोग ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री के लिए आने वाले है. इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वार्टर 1 के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर गुरुवार को जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान 2.30 बजे के आसपास दो युवक बाइक पर आए. दोनो की जांच करने पर रिजाउल के पास से 40 पुड़िया, इरशाद के के पास से 42 पुड़िया और बाइक में लगे टंकी कवर से 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया गया है. जप्त किया गए ब्राउन शुगर की बाजार में कीमत लगभग 18 से 20 हजार रुपए बताई जा रही है. पुलिस ने बाइक भी जब्त कर लिया है. ब्राउन सुगर समेत अन्य नशीले पदार्थ की सप्लाइ इस गिरोह के लोग करते थे.





