बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड इन दिनों बालू माफियों का हब बना हुआ है. प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर स्थित स्वर्णरेखा नदी के घाटों से बालू माफिया रात के अंधेरे में बालू का खनन कर विभिन्न वाहनों से बालू की ढुलाई कर मालामाल हो रहे हैं. वहीं प्रखंड की पाथरी पंचायत के गोहालडीह में धड़ल्ले से बालू का खनन जारी है, परंतु स्थानीय प्रशासन अनजान बना हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार गोहालडीह और बामडोल के बीच बाइपास कच्ची सड़क का निर्माण नदी घाट तक किया गया है, ताकि छोटे-बड़े वाहन गांव से हटकर बाइपास होते हुए नदी घाट तक आसानी से जा सकें और बालू की ढूलाई की जा सके. बालू माफिया प्रशासन की आंख में धूल झोंककर बेधड़क बालू की ढुलाई कर रहे हैं और प्रशासन उधर ध्यान भी नहीं दे रहा है. बालू माफिया रोजाना दर्जनों वाहनों से बालू की ढुलाई कर मालामाल हो रहे हैं, साथ ही, सरकार को लाखों के राजस्व का नुकसान हो रहा है. इस कार्य में राजनीतिक दलों के कुछ स्थानीय नेताओं के संरक्षण में नदी घाट से बालू की ढुलाई कराकर बालू माफिया मालामाल हो रहे हैं.




