चाकुलिया : सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर सोमवार सुबह से ही चाकुलिया प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. नगर पंचायत क्षेत्र के प्रसिद्ध नागा बाबा मंदिर और पुराना बाजार स्थित चंडेश्वर शिव मंदिर में भगवान शिव की पूजा करने और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर परिसर में कतारों में खड़े नजर आए. वहीं मंदिर में पूजा करनेवालों में महिलाओं की ज्यादा भीड़ दिखी. श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से भगवान शिव की पूजा अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. (नीचे भी पढ़ें)

श्रद्धालुओं ने दूध, जल, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया. मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के नारों के साथ गुंजते रहे जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. वहीं प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्र जोड़ाम गांव स्थित तुलसीबनी शिवराम आश्रम परिसर स्थित शिव मंदिर में पूजा करने के लिए आसपास के गांवों के श्रद्धालु पहुंचे और श्रद्धा पूर्वक भगवान शिव की पूजा की. पूजा के पश्चात भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. वहीं प्रखंड के विभिन्न गांवों के शिवालयों में भी पूजा अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी.




