
धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ प्रखंड के रावताड़ा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक के 24 वर्षीय पुत्र की मौत हो गयी. शुक्रवार को थाना प्रभारी तरुण कुमार समेत अन्य कर्मियों की देखरेख में गांव से दूर खाली जमीन में सुरक्षा के बीच मृतक का अंतिम संस्कार किया गया. मिली जानकारी के अनुसार मृतक जमशेदपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था. वह कोरोना की चपेट में आ गया था. शुक्रवार को जमशेदपुर से एम्बुलेंस से शव को गांव लाने की सूचना पर थाना प्रभारी तरुण कुमार स्वास्थ्य कर्मियों के साथ गांव पहुंचे और मृतक की कोरोना जांच की गई, जिसकी जांच रिपोर्ट पोजेटिव निकली. वहीं शव के साथ एम्बुलेंस के चालक समेत पांच लोगों की कोरोना जांच की गई. सभी की रिपोर्ट निगेटिव निकली है. मृत युवक का अंतिम संस्कार परिवार के लोगों ने पीपीई किट पहनकर किया. अंतिम संस्कार में पहुंचे लोगों को थाना प्रभारी ने आइसोलेशन में रहने की बात कही है.














