गालूडीह: गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जोड़सा गांव में शुक्रवार अहले सुबह एक युवक के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान शंकर कर्मकार के पुत्र उमेश कर्मकार (22) के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार युवक ने गांव के पास स्थित तालाब किनारे नीम पेड़ में गमछा से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. जब सुबह ग्रामीण शौच करने रिसीर बांध तालाब की ओर गए तो ग्रामीणों की नजर पेड़ पर लटकते शव पर पड़ी. इसके बाद ग्रामीणों ने युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दी. (नीचे भी पढे)
घटनास्थल पहुंचकर परिजनों ने गालूडीह थाना को सूचना दी. मौके पर एएसआई संजय नूर मिंज घटनास्थल पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा गया. फिर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल घाटशिला भेज दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. ग्रामीणों ने बताया कि उमेश कर्मकार टेम्पो ड्राइवर था. टेंट हाउस में टेम्पो चलाता था. घर का छोटा बेटा था. गुरुवार देर रात तक अपने दोस्तों के साथ जोड़सा गांव में ही था. युवक फोन पर किसी से घंटों बातें करता था. घटना के बाद पिता शंकर कर्मकार, मां व बड़ा भाई महेश कर्मकार का रो-रोकर बुरा हाल है.



