जमशेदपुर : सीएसआइआर ‘जिज्ञासा वर्चुअल प्रयोगशाला कार्यक्रम’ के तहत शुक्रवार, 29 अगस्त को घाटशिला सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने जमशेदपुर स्थित सीएसआइआर एलएमएल का भ्रमण किया. विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जागरूकता बढ़ाने एवं विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान एवं नवाचार की दुनिया से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित भ्रमण में स्कूल के 86 विद्यार्थियों एवं 7 शिक्षकों ने प्रयोगशाला का भ्रमण किया. (नीचे भी पढ़ें)

सुबह में उद्घाटन सत्र की शुरुआत सीएसआइआर-एनएमएल के निदेशक डॉ संदीप घोष चौधुरी के स्वागत भाषण से हुई. उन्होंने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बताया कि सीएसआइआर-एनएमएल ने बीते 75 वर्षों में विभिन्न तकनीकी विकास और अग्रणी कार्यों के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान किया है. स्वागत भाषण के पश्चात आइएमडीसी की मुख्य वैज्ञानिक एवं प्रभारी डॉ शर्मिष्ठा सागर ने सीएसआइआर-एनएमएल के महत्व और इसके अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों में योगदान पर प्रकाश डाला. इसके बाद आइएमडीसी के वरीय वैज्ञानिक डॉ अनीमेष जेना ने जिज्ञासा कार्यक्रम के उद्देश्यों की विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कार्यक्रम की उस दृष्टि को समझाया जिसके तहत स्कूली छात्रों में वैज्ञानिक जिज्ञासा को प्रोत्साहित किया जाता है और वैज्ञानिकों व युवाओं के बीच संबंधों को सशक्त बनाया जाता है. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों एवं शिक्षकों ने विभिन्न अनुसंधान प्रयोगशालाओं का भ्रमण किया, जिनमें अनुप्रयुक्त एवं विश्लेषणात्मक रसायन विभाग, क्रीप परीक्षण सुविधा, धातुओं की नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग, ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग, पीतल गलाने तथा डीआइवाइ किट के प्रदर्शन शामिल थे. कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन एवं सामूहिक फोटोग्राफी के साथ हुआ. कुल मिलाकर, छात्रों और शिक्षकों ने इस प्रयोगशाला भ्रमण और अनुसंधान गतिविधियों के प्रदर्शन से प्राप्त अनुभव पर गहरी संतुष्टि व्यक्त की.



