जमशेदपुर: बोड़ाम थाना क्षेत्र के बाघरा गांव के झिझिरगोड़ा टोला में पिछले वर्ष हुई विवाहिता विनीता सिंह की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि विनीता सिंह की मौत प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि उनकी हत्या की गई थी. रिपोर्ट के अनुसार, विनीता सिंह के सिर या शरीर पर किसी कड़े और कुंद (भोथरे) हथियार से गंभीर चोट पहुंचाई गई थी, जिसके कारण उनकी मौत हुई. रिपोर्ट मिलने के बाद बोड़ाम थाना पुलिस ने यूडी केस को हत्या के मामले में बदलते हुए नया प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
मृतका विनीता सिंह का मायका सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चालियामा गांव में है. उनकी शादी बोड़ाम के झिझिरगोड़ा निवासी सदानंद सिंह से हुई थी. बोड़ाम थाना के सहायक अवर निरीक्षक सुरेश प्रसाद वर्मा के आवेदन पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है. घटना के समय ससुराल पक्ष ने दावा किया था कि विनीता सिंह की मौत जहर खाने से हुई थी. इसी आधार पर पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर यूडी केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की नए सिरे से जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने विनीता सिंह के पति सदानंद सिंह को नामजद आरोपी बनाया है. फिलहाल उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.




