बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुरिया प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर से विद्यालय के एचएम छोटा भुजंग टुडू ने 6 अकाशिया पेड़ को कटवा दिया है. इसकी सूचना पाकर पंचायत के मुखिया राम मुर्मु विद्यालय पहुंचकर काटे गए पेड़ों का अवलोकन किया. इस संबंध में मुखिया राम मुर्मु ने कहा कि विद्यालय के एचएम बगैर विभाग को सूचना दिए वृक्षों को मनाने ढंग से काट दिया है जो अनुचित है. उन्होंने कहा कि एचएम द्वारा प्रबंधन समिति और किसी को भी इस संबंध में जानकारी नहीं दी है. मुखिया ने इस संबंध में जिला के उपायुक्त, डीओ और वन विभाग के डीएफओ को सूचित कर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है. जहां सरकार और वन विभाग जंगल और पर्यावरण संरक्षण करने की बात कर रही है वहीं शिक्षक द्वारा पेड़ों को काटना अनुचित है. कहा कि विद्यालय परिसर में एक भवन को भी जेसीबी मशीन से ध्वस्त करवा दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में विद्यालय के एचएम छोटा भुजंग टुडू ने दूरभाष पर बताया कि विगत दिनों आई बारिश और आंधी से 6 अकाशिया के पेड़ गिरकर विद्यालय के भवन पर लटका हुआ था, जिससे भवन जर्जर हो रहा था. विद्यार्थियों के सुरक्षा और भवन की सुरक्षा के मद्देनजर अभिभावक और प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर पेड़ को कटवाने का प्रस्ताव पारित हुआ, जिसके पश्चात पेड़ों को कटवाया गया है. उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर के जर्जर भवन को भी सुरक्षा के मद्देनजर ध्वस्त करवाया गया है.







