चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के लोधाशोली पंचायत के राजबांध गांव में ग्रामीणों ने गाय चोरी कर ले जा रहे पश्चिम बंगाल के बाघाकोंदर गांव निवासी राउत पाल नामक युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. हालांकि उसका साथी धनंजय महतो उर्फ गणेश महतो मौका पाकर भागने में सफल रहा. जानकारी के अनुसार लोधाशोली पंचायत के देवशोल गांव निवासी रामचंद्र मुर्मू ने अपनी गाय को खेत में बांध कर घास चरने के लिए छोड़ा था. गुरुवार की शाम को राउत पाल और धनंजय महतो ने गाय की चोरी की और उसे लेकर जा रहे थे. चोरों ने गाय को राजबांध गांव के पुरण महतो के घर के बाहर बांध दिया और वहां से चले गए. पूरण महतो ने जब अपने घर के बाहर बंधी गाय को देखा तो उन्होंने पता लगाने की कोशिश की कि वह गाय किसकी है. इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना राजबांध गांव के ग्राम प्रधान लाखाई मुर्मू को दी. (नीचे भी पढ़ें)
पूछताछ में पता चला कि यह गाय देवशोल गांव के रामचंद्र मुर्मू की है. शाम होने के बाद, दोनों युवक गाय को ले जाने के लिए वापस आए. इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और दोनों को पकड़ लिया. ग्रामीणों की चंगुल से धनंजय महतो भाग निकला. लेकिन राउत पाल पकड़ा गया. ग्रामीणों ने राउत पाल को रात भर देवशोल गांव में रखा. सूचना मिलने पर शुक्रवार की सुबह थाना के एसआई कबिंद्र पोद्दार और ब्रजेश सिंह राजबांध गांव पहुंचे और राउत पाल को हिरासत में लेकर थाना ले गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी धनंजय महतो की तलाश जारी है.



