गालूडीह: महुलिया पंचायत भवन में शनिवार को जीपीएफटी दल का दो दिवसीय प्रशिक्षण का समापन हो गया. प्रशिक्षण के दौरान पंचायत के विकास के लिए डेवलपमेंट प्लान तैयार करने की प्रक्रिया और इसके विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गयी. प्रशिक्षण में मुखिया, उप मुखिया, पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, जेएसएलपीएस के एक सदस्य, जल सहिया तथा दो वार्ड सदस्यों ने भाग लिया. प्रशिक्षक निताई मुंडा और अभिषेक सरदार ने प्रशिक्षण के दौरान पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पंचायत के समग्र विकास के लिए गांव की वास्तविक जरूरतों और ग्रामीणों की समस्याओं को चिन्हित करना जरूरी है. इसके आधार पर प्राथमिकता तय कर विकास की योजनाएं तैयार की जानी चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
प्रशिक्षकों ने कहा कि डेवलपमेंट प्लान तैयार करते समय पंचायत क्षेत्र में पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, रोजगार, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया जाना चाहिए. ग्रामीणों की भागीदारी से उनकी जरूरतों को समझकर योजनाओं को प्राथमिकता देना जरूरी है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा सके. दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान जीपीएफटी दल के सदस्यों को पंचायत के विकास के लिए प्रभावी योजना तैयार करने, स्थानीय जरूरतों की पहचान करने और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग की जानकारी दी गयी. प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत स्तर पर बेहतर डेवलपमेंट प्लान तैयार कर गांवों के समग्र विकास को गति देना है.




