
गुड़ाबांदा : केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, राज्य के परिवहन मंत्री चंपई सोरेन, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन और बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने रविवार को गुड़ाबांदा प्रखंड के हतियापाटा गांव में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय निर्माण कार्य का संयुक्त रूप से नारियल फोड़ कर शिलान्यास किया. इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि गुड़ाबांदा में एकलव्य विद्यालय की स्थापना होने से ग्रामीण बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त होगी. शिक्षा हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है. समाज शिक्षित होगा तो देश और राज्य का विकास होगा. उन्होंने कहा कि आज ग्रामीणों की वर्षो पुरानी मांग पूर्ण हुई है. विद्यालय की स्थापना में ग्रामीण सहयोग करें. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने ग्रामीणों के उत्थान के लिए कई प्रकार की योजनाएं पारित की है, जिसका लाभ आज लोगों को मिल रहा है. मौके पर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि गुड़ाबांदा काफी पिछड़ा क्षेत्र है. प्रखंड में विकास को गति मिले इसका वे हमेशा से प्रयासरत थे. कहा कि यहां आवासीय विद्यालय की स्थापना होने से ग्रामीण छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा बच्चे शिक्षित होकर क्षेत्र के विकास में अपनी भूमिका निभायेंगे. राज्य के परिवहन मंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि सरकार सहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रति सचेत है. कहा कि गुड़ाबांदा में एकलव्य आवासीय विद्यालय क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में मिल का पत्थर साबित होगा. कहा कि राज्य सरकार द्वारा हर वर्ग के लोगों के विकास के प्रति काम कर रही है. मौके पर घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन और बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती समेत अन्य ने भी संबोधित किया. मौके पर पूर्व विधायक मेनका सरदार, लक्ष्मण टुडु, असित मिश्रा, आदित्य प्रधान, विशाल बारिक, दिनेश साव, ललित मांडी समेत अन्य उपस्थित थे.














