बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के विभिन्न स्वर्णरेखा नदी घाट से बालू माफिया बेधड़क बालू का खनन कर मालामाल हो रहें हैं. बहरागोड़ा में अवैध बालू खनन पर प्रतिबंध लगाने के लिए प्रशासन द्वारा समय समय पर विभिन्न बालू घाटों पर छापामारी अभियान चलाकर भंडारण बालू को जब्त किया गया, ताकि क्षेत्र में अवैध बालू खनन पर प्रतिबंध लग सके. प्रशासन के प्रयासों पर बालू माफिया भारी पड़ रहे हैं. आज भी प्रखंड के कई नदी घाट पर बालू माफिया द्वारा बेधड़क बालू का खनन किया जा रहा हैं. बुधवार को बहरागोड़ा प्रखंड की पाथरी पंचायत के बामडोल गांव के ग्रामीण अंचल कार्यालय पहुंचकर सुवर्णरेखा नदी घाट से हो रहे अवैध बालू खनन पर प्रतिबंध लगाने के लिए ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपा. (नीचे भी पढ़े)
सीओ ने प्राप्त आवेदन के आलोक में जल्द से जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि बालू माफियाओं द्वारा दिन रात अवैध रुप से बालू का खनन कर ट्रैक्टर व अन्य वाहनों से परिवहन किया जाता है. जिससे सड़क पर चलना और रात में घर पर सोना बहुत मुश्किल हो गया है. कहा कि इस अवैध खनन से नदी तट का भी बहुत नुकसान हो रहा है. ग्रामीणों ने कहा की उनके द्वारा बालू के परिवहन ना करने के लिए मना करने पर भी ट्रैक्टर संचालन कर्ता सुनने को तैयार नहीं है. ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी से इस विषय पर त्वरित कारवाई करने कि मांग की है ताकि ग्रामीण राहत की सांस ले सकें. इस मौके पर चिन्मय घोष, अंशुमान साव, रिंकू साव, अर्धेन्दू घोष, सुखेंदु घोष समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.



