गुड़ाबांदा : गुड़ाबांदा प्रखंड के बनमाकड़ी पंचायत में बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर झामुमो के प्रखंड सचिव भुकाई सोरेन एवं अन्य झामुमो पदाधिकारियों ने झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी से बात की. इसके पश्चात श्री षाड़ंगी ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन से दूरभाष पर बात कर कहा कि इस प्रखंड के हज़ारों जरूरतमंद लोगों के लिए ज्वालकांटा स्थित बैंक में जाने पर पूरा दिन लग जाता है और वहां जाने पर अगर नेटवर्क डाउन मिला तो वे बहुत परेशान होते हैं. विशेष तौर पर बुजुर्गों और महिलाओं के लिए ज़्यादा समस्या है. उपायुक्त ने कहा कि एलडीएम को सर्वे करवाने का निर्देश दिया गया है और कई ग्रामीण इलाकों में काम करने वाले बैंकिंग संस्थानों से बात हो रही है और जल्द ही वहां बैंक खुलेगा ताकि बनमाकड़ी, मुराकाटी, अंगारपाड़ा और बालीजुड़ी पंचायतों के लोगों को बैंकिंग की बेहतर सुविधा मुहैया कराई जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
मौके पर लोगों ने कमजोर मोबाइल नेटवर्क की भी शिकायत की. कुणाल षाड़ंगी ने बीएसएनएल के महाप्रबंधक से भी दूरभाष पर बात कर जल्द से जल्द मोबाइल टावर स्थापित कराने या लगे हुए टावर्स पर सिग्नल की उपलब्धता बेहतर करने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र के ग्रामीणों को संचार संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके. महाप्रबंधक ने आश्वस्त किया की अगले हफ्ते विभाग के इंजीनियर गांव में जाकर ग्रामीणों से मिलकर इस समस्या का समाधान करेंगे.




