
जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के निजी सचिव जयराम सिंह यादव का मंगलवार की सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. वे करीब 75 साल के थे. पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, जयराम सिंह मंगलवार की सुबह सोकर उठे और शिकायत की कि उनकी तबीयत ठीक नही लग रही है. इसके बाद आनन-फानन में उनको अस्पताल लाया गया जहाँ चिकित्सकों ने बताया कि उनको हार्ट अटैक आया है. जब तक इलाज हो पाता तब तक उनके प्राण निकल चुके थे.

वे अपने पीछे बेटा, पतोहू समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गए है. जयराम कुशल मैनेजर के रूप में जाने जाते रहे है. टाटा स्टील में कार्य करने के दौरान उन्होंने काफी लंबे समय तक कॉरपोरेट कम्युनिकेशन का कामकाज देखा था. रूसी मोदी के बाद डॉ जेजे ईरानी के सिपहसालार में से एक थे. विधायक बनने के पहले से जयराम सिंह के ताल्लुकात रघुवर दास से नजदीकी थे. रघुवर दास को राजनीतिक क्षितिज पर पहुंचाने में जयराम सिंह का नाम लिया जाता रहा है, जिसका नतीजा था कि टाटा स्टील से रिटायरमेंट होने के बाद वे रघुवर दास के निजी सचिव के तौर पर करीब 15 साल से काम किया. उनके पुत्र बाहर है, जिनके लौटने के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उनके निधन को निजी क्षति बताते हुए गहरा शोक जताया है.







