
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची बाजार में उस वक्त अचानक अफरा-तफरी मच गया जब दो-दो शॉपिंग मॉल के मालिक और कर्मचारियों ने मिलकर अन्य दुकानदारों एवं उनके ग्राहकों के साथ हाथापाई शुरू कर दी. देखते ही देखते साकची बाजार रणभूमि में तब्दील हो गया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची साकची थाना पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठियां भांजनी पड़ी. बताया जाता है, कि विवाद उस वक्त बढ़ गया जब दुकानदारों के खींचतान में एक ग्राहक का हाथ टूट गया.
गौरतलब है कि जयसवाल मार्केट और जुबिली मार्ट दो शॉपिंग मॉल एक ही मालिक के हैं. इनके कर्मचारी बाजार के अन्य दुकानों में जाने वाले ग्राहकों को जबरन अपने यहां खींच कर ले जाते हैं. जिसको लेकर कई बार दुकानदार विरोध भी जता चुके हैं, लेकिन दबंग प्रवृत्ति के होने के कारण दोनों शॉपिंग मॉल के मालिक से कोई उलझना नहीं चाहता, लेकिन बुधवार को स्थिति अचानक बिगड़ गई. दोनों शॉपिंग मॉल एक ही परिवार का है, फिलहाल पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए हालात पर काबू पा लिया है. आगे की जांच की जा रही है. उधर बाजार समिति के सदस्यों ने जायसवाल मार्केट एवं जुबिली मार्ट के संचालक बंधुओं पर बाजार का माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया, कि उनके इस हरकत से दुकानदारों में काफी नाराजगी है. उन्होंने प्रशासन से ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है.












