जमशेदपुर : साकची संजय मार्केट में शुक्रवार को दो गुटों में अचानक जमकर मारपीट हो गई, जिससे व्यस्त बाजार में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए लोगों में अफरातफरी मची रही. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों में पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई और दोनों गुटों के लोग एक-दूसरे से धक्का-मुक्की और मारपीट करने लगे. मारपीट के दौरान एक युवक का पायजामा तक फट गया. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के समय बाजार में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी कर रहे थे. मारपीट देख दुकानदारों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया. इस दौरान कुछ देर तक बाजार में तनाव की स्थिति बनी रही. बताया जाता है कि एक पत्रकार जब घटना का वीडियो बनाने लगा तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की की गई, हालांकि आसपास के दुकानदारों ने पत्रकार का समर्थन किया. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलने के बाद साकची थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया तथा घायल युवकों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा. पुलिस के अनुसार दोनों गुटों के बीच पुराने विवाद को लेकर यह झगड़ा हुआ था. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.







