
जमशेदपुर : सरदार वल्लभ भाई पटेल स्मारक समिति की ओर से रविवार को सरदार पटेल की 147वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनायी गयी। इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो के सौजन्य से लौहपुरुष की आदम कद प्रतिमा की स्थापना लौहनगरी जमशेदपुर में बिष्टुपुर खरकाई पुल गोलचक्कर के समीप की गई। सांसद श्री महतो ने प्रतिमा का अनावरण कर समारोह का उद्घाटन किया। सांसद एवं अन्य गणमान्य लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सरदार वल्लभ भाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत की जो तस्वीर आज हम सभी देख रहे हैं उसके निर्माता सरदार वल्लभ भाई पटेल रहे हैं। सारा देश उनका ऋणी है। उन्होंने कहा कि देश की 565 रियासतों का एकीकरण बहुत ही दुरूह और मुश्किल कार्य था, लेकिन उनके कुशल और कठोर नेतृत्व ने इस मुश्किल काम को सरल बना दिया। (नीचे भी पढ़ें)
सांसद श्री महतो ने कहा कि सरदार वल्ल भभाई पटेल दूसरों के लिए सरल और अपने लिए कठोर थे। उनका जीवन सादगी भरा था। वह किसानों के हमदर्द थे। लौहनगरी में लौह पुरुष की प्रतिमा स्थापित होना सौभाग्य का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि यहां से भावी पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा मिलेगी। समारोह में पूर्व आयुक्त मोहन लाल राय, राम आश्रय प्रसाद, ललित कुमार सिंह, ओमप्रकाश सिंह, अशोक मंडल, पुरेंद्र नारायण सिंह, जितेन्द्र कुमार सिंह, चन्द्र मोहन चौधरी, धर्मेन्द्र प्रसाद, संजीव कुमार, मानिक प्रसाद सिंह, सत्य प्रकाश, रमाशीष सिंह, नित्यानंद, विद्या भूषण, पवन चौधरी, श्रवण मंडल समेत कई लोग उपस्थित थे। लौहनगरी में लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा लगने से शहर वासियों में हर्ष है। स्मारक समिति के सदस्यों ने सांसद के प्रति आभार प्रकट किया।





