
जमशेदपुर : एक ओर गौरक्षकों द्वारा गौ तस्करी को लेकर लगातार अभियान चलाया जाता है, वहीं दूसरी ओर कुछ गायें ऐसी हैं जो बिमारी के कारण सड़कों पर ही दम तोड़ देती है. ताजा मामला सिदगोड़ा का है जहां एक गाय पैर टूटने के कारण 15 दिनों से एक क्वार्टर के बाहर पड़ी है. आस-पास के लोगों ने किसी तरह गाय को खिला-पिला कर जिंदा रखा है. घायल गाय के मालिक ने भी उसे उसकी हालत पर छोड़ दिया है. वहीं गौशाला से संपर्क करने पर कहा जाता है कि थाना में जाकर शिकायत कीजिए. सिदगोड़ा टीजे टाइप क्वार्टर नंबर पांच निवासी सुशांत दलाई बताते हैं कि 15 दिनों से गाय उसके घर के बाहर पड़ी है. गाय उनके क्वार्टर के अंदर घुसी थी. फर्श पर फिसलन के कारण वह गिर गई, जिससे उसका पैर टूट गया. गाय के मालिक की पहचान कर उसे बुलाया गया, जिसके बाद मालिक ने जेसीबी की मदद से गाय को उठाकर बाहर करवा दिया. बाद में उसने डॉक्टर बुलाकर गाय की जांच कराई. जांच कर डॉक्टर ने बताया कि गाय का पैर टूट गया है, जो कि अब ठीक नहीं हो सकता. उसके बाद गाय का मालिक गाय को रास्ते में ही छोड़कर चला गया, फिर वापस नहीं आया. तब से गाय वहां घायल अवस्था में पड़ी है. उन्होंने गौशाला से संपर्क किया तो उन्हें कहा गया कि सिदगोड़ा थाना में मामले की शिकायत करें, थाना वाले गाय को पहुंचा देंगे. फिलहाल उन्होंने थाने मे शिकायत नहीं की है.




