जमशेदपुर : जमशेदपुर के एसबीआइ पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा आरबीओ कांफ्रेंस हॉल में अपने 75साल से ऊपर वरीय सदस्यों को एक गरिमामय “सम्मान समारोह” के तहत सम्मानित करने के लिए विशेष सभा का आयोजन किया गया. यह आयोजन सात सम्माननीय वरिष्ठ सदस्यों द्वारा 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने के उपलक्ष्य में किया गया था. सम्मानित सदस्यों में प्रदीप रॉय चौधरी, के उन्नीकृष्णन, आनंदमय सरकार, विजय कुमार सिन्हा, सोमेनाथ मजूमदार, जयश्री मजूमदार और एसआरपी रमण शामिल है. (नीचे भी पढ़े)

एसोसिएशन की ओर से प्रत्येक वरिष्ठ सदस्य को एक स्मृति चिह्न एवं एक स्मरणीय उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया, जिससे यह दिन उनके और हम सभी के लिए अविस्मरणीय बन सके. इस अवसर पर 50 से अधिक सदस्यगण उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया. समारोह का संचालन एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों के समन्वित प्रयासों से अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. इसमें विशेष रूप से सचिव चमक सेनगुप्ता, अध्यक्ष टीएस कलसी, सहायक सचिव सुभ्रल राय, कोषाध्यक्ष समरेन्द्र सरकार तथा आरएल भारद्वाज, सुदीप बेरा, सुजय सरकार, महेन्द्र महतो एवं अन्य सदस्यों का सक्रिय सहयोग सराहनीय रहा. एसोसिएशन द्वारा अब तक कुल 33 वरिष्ठ पेंशनर सदस्यों (75 वर्ष आयु पूर्ण करने वाले) को सम्मानित किया जा चुका है. इस दौरान सारे सदस्य भावुक हो गये.




