जमशेदपुर : 26 जनवरी सोमवार को बिरसानगर स्थित प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रांगण में गणतंत्र दिवस का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता पूजन एवं झंडोत्तोलन से हुआ, जिसे विद्यालय के उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने संपन्न किया. इसके पश्चात सभी उपस्थित जनों ने राष्ट्रीय गान “जन-गण-मन” के सामूहिक गायन के साथ राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर बिरसानगर मा. नगर संघ के चालक मनोज पाण्डेय, विद्यालय सचिव अरविंद पांडेय, सह-सचिव राजेश ठाकुर, कोषाध्यक्ष गौतम भट्टाचार्य, समिति सदस्य वी. जयशंकर एवं प्रधानाचार्य अभिलाष गिरि के साथ समाज के अन्य गणमान्य बंधु भगनी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में बहनों द्वारा राष्ट्रीय गीत एवं समूह गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गयी. भैया मोहित कुमार ने हिन्दी में, भैया जीत गोराई ने अंग्रेजी में तथा भैया आदित्य रविदास ने संस्कृत में प्रभावशाली भाषण देकर संविधान, कर्तव्य एवं राष्ट्र निर्माण के महत्व पर प्रकाश डाला. वाटिका खंड के भैया-बहनों ने “मेरा मुल्क, मेरा देश…” गीत पर तथा बहनों ने “वंदे मातरम्…” पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंद्रजीत सिंह ने कहा कि हमें एक अच्छा नागरिक बनकर हमेशा देश के सेवा करनी चाहिए एवं अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी निर्वहन निष्ठा पूर्वक करना चाहिए. मा. नगर संघचालक मनोज पाण्डेय ने कहा कि “गणतंत्र केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है. हमें अनुशासन, ईमानदारी और सेवा भाव के साथ भारत को विश्वगुरु बनाने का संकल्प लेना चाहिए.” (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम का कुशल संचालन भैया पृथिश भादुड़ी एवं बहन प्रित सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम प्रमुख स्वाती दीदी ने प्रस्तुत किया. अंत में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ. कार्यक्रम सह-प्रमुख शिवशंकर सिंह (आचार्य) एवं अन्य सभी आचार्यों दीदी जी के सहयोग से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल, प्रेरणादायी एवं स्मरणीय बन सका.



