
Jamshedpur : जमशेदपुर के विभिन्न थाना परिसरों में वर्षों से सैकड़ों वाहनों को बेतरतीब तरीके से रखा गया है. वहीं अब वर्षों से रखे वाहन सड़ने के कगार पर पहुंच गये हैं. हालांकि पुलिस मुख्यालय से मिले आदेश के बाद इन वाहनों के नीलामी की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी. एसएसपी एम तमिल वाणन ने बताया कि इसके लिए सम्बंधित थाना और डीएसपी को निर्देश दिया गया है. उन्होंने बताया कि कोरोना के कारण नीलामी की प्रक्रिया को पूरा नहीं किया जा सका है. इन वाहनों को हत्या, चोरी, सड़क हादसा, लूट व अन्य संगीन वारदात में जब्त किया गया था. जगह की कमी के कारण वाहन के ऊपर वाहन को रखा गया है.
पुलिस की मानें तो सभी वाहन कई वर्षों से अलग-अलग केस के साक्ष्य के रूप में रखे गए हैं. उन्हें कोर्ट की अनुमति के बगैर नष्ट नहीं किया जा सकता. इसी कारण उन्हें संभाल कर रखा गया है. थानों में रखे वाहनों की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है. वहीं कई वाहनों पर कई पेड़ तक उग आये हैं. कई थाना में एक सौ से ज्यादा वाहन पड़े हुए हैं. औसतन शहर के थानों में 50 से 60 वाहन कई वर्षों से पड़े हैं, जो स्मार्ट थाना की खूबसूरती को खराब कर रहे हैं. पिछले कई वर्षों से वाहनों की न तो नीलामी की गई और न ही नष्ट किया गया है. इस कारण थाना में जब्त वाहनों की संख्या बढ़ गई है. एसएसपी ने बताया कि एक महीने बाद इन वाहनों की नीलामी की जायेगी. पहले विशेष थानों से वाहनों की नीलामी की जायेगी, फिर एक-एक कर सभी थाना में रखे वाहनों का ऑक्शन किया जाएगा.






