जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी क्षेत्र स्थित न्यू केबुल टाउन सामुदायिक भवन मैदान में आगामी 23 अप्रैल से 1 मई 2026 तक भव्य श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन होगा. लक्ष्मीनारायण महायज्ञ समिति के पदाधिकारियों ने रविवार को उक्त जानकारी देते हुए शहरवासियों से अधिक से महायज्ञ में अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की. समिति की ओर से आयोजित पत्रकार सम्मेलन में आयोजन के मुख्य संयोजक अनिल ठाकुर, रामरेखा सिंह, रामाकांत सिंह, रामबाबू तिवारी, बिपिन झा, रामस्वरूप सिंह, प्रेम झा, प्रताप यादव व अन्य मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़ें)
समिति के रामबाबू तिवारी ने बताया कि 9 दिवसीय इस महायज्ञ के संरक्षक जय मंगला बाबा हैं, जिनके सान्निध्य में पूरा धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होगा. महायज्ञ की शुरुआत 23 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी. कलश यात्रा ओल्ड केबुल टाउन स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर (बिरला मंदिर) से प्रारंभ होकर यज्ञ स्थल तक पहुंचेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं विशेष रूप से महिलाएं भाग लेंगी. उन्होंने बताया कि महायज्ञ कुल 9 दिनों का होगा. 23 अप्रैल को कलश यात्रा के पश्चात संध्याकाल में प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक भजन, कीर्तन एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा, जो 30 अप्रैल तक निरंतर चलेगा. वहीं, 1 मई को मुख्य यज्ञ, पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा. 1 मई को सुबह 9 बजे से रामार्चा पूजा भी संपन्न होगी. (नीचे भी पढ़ें)
महायज्ञ के संबंध में जानकारी देते हुए समिति के मुख्य संयोजक अनिल ठाकुर ने बताया कि यज्ञ स्थल पर लक्ष्मी-नारायण की भव्य प्रतिमा के साथ 30×30 फुट की विशाल यज्ञशाला का निर्माण किया जा रहा है, जो पांच तल्ले के स्वरूप में तैयार होगा. उन्होंने बताया कि अनुष्ठान के लिए बनारस से प्रख्यात यज्ञाचार्य पंडित लाल मोहन शास्त्री जमशेदपुर आएंगे. उनके साथ कुल 21 यज्ञाचार्यों की टीम मौजूद रहेगी. पूरे यज्ञशाला परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा, जहां 108 देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी तथा विभिन्न धार्मिक प्रतिमाओं से पूरे परिसर को आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा. यज्ञशाला निर्माण के लिए कारीगर बिहार के वैशाली से विशेष रूप से बुलाए गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पदाधिकारियों ने बताया कि महायज्ञ के दौरान पूरे 9 दिन तक श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करेंगे. इस महायज्ञ के सफल संचालन के लिए समाजसेवी अनिल ठाकुर को मुख्य संयोजक बनाया गया है, जिनकी देखरेख में आयोजन समिति का गठन कर सभी तैयारियां की जा रही हैं. प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजन से जुड़े पोस्टर का विमोचन भी हुआ. सोमवार सुबह 8 बजे नौ दिवसीय अनुष्ठान का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमि-पूजन सम्पन्न होगा.






