जमशेदपुर : झारखंड सरकार ने जमशेदपुर के सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर से अवैध कब्जा हटाने एवं वहां लोगों से प्रति व्यक्ति 5 रुपये का अवैध प्रवेश शुल्क वसूलने वालों पर कठोर कार्रवाई करने की घोषणा की है. जमशेदपुर पूर्व के विधायक सरयू राय के विधानसभा में ध्यानाकर्षण पर सरकार की ओर से इस आशय का वक्तव्य सामने आया है. सरकार ने शुक्रवार, 23 दिसंबर तक जमशेदपुर जिला प्रशासन तक इसका आदेश पहुंच जाने की घोषणा भी की है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि विधायक सरयू राय ने सदन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराते हुए बताया था कि जमशेदपुर में सारे प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर एवं उसके अंदर बने पार्क पर अब भी दबंगों ने कब्जा कर रखा है, जो वहां आनेवाले हर व्यक्ति से 5 रुपये का शुल्क वसूल रहे हैं. इसे रोकने के दायित्व के बावजूद जेएनएसी पर चुप्पी साधे हुई है. सूर्य मंदिर परिसर एवं उसके अंदर के सारे निर्माण जेएनएसी के नियंत्रण में आने के बावजूद कतिपय दबंग लोग वहां अवैध कब्जा कर आम लोगों से अवैध वसूली कर रहे हैं. इससे सरकार को रोजाना भू राजस्व की क्षति हो रही है. उन्होंने सरकार से सूर्य मंदिर को दबंगों के कब्जे से मुक्त कराकर आम लोगों से अवैध वसूली करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग भी की थी. (नीचे भी पढ़ें)

इस पर सरकार की ओर से आये जवाब में कहा गया कि सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर के अंतर्गत पर्यटन, खेल संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से निर्मित चिल्ड्रेन पार्क को बिना विभागीय अनुमति के पूर्व स्थान से स्थानांतरित करने एवं इस क्रम में परिसंपत्तियों को नुकसान पहुंचाने तथा सूर्य मंदिर के पीछे बने पार्क में प्रवेश के लिए अनधिकृत रूप से प्रति व्यक्ति पांच रुपये प्रवेश शुल्क वसूल करने के जिम्मेवार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला खेल पदाधिकारी सह जिला पर्यटन नोडल पदाधिकारी द्वारा विगत 19 जनवरी को ही प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है.




