
जमशेदपुर : सिक्खों के चौथे गुरु श्री रामदास जी का 520 वां प्रकाश पर्व परसों सोनारी गुरुद्वारा में मनाया जाएगा. संस्था श्री गुरु रामदास सेवा दल के तत्वावधान में यह प्रकाश पर्व मनाया जाना है और इसके लिए पूरी तैयारी हो गई है. 13 अक्टूबर रविवार की सुबह एवं शाम को कीर्तन दरबार सजाया जाएगा, जिसमें गुरुवाणी एवं शब्द विचार का प्रवाह होगा. दोपहर एवं रात में लंगर की व्यवस्था भी की गई है. इसमें लौहनगरी के साथ ही घाटशिला एवं चाईबासा की संगत भी शामिल होगी.

श्री गुरु रामदास सेवा दल के प्रधान बलबीर सिंह ने बताया कि सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, सोनारी गुरुद्वारा कमेटी, सिख नौजवान सभा, स्त्री सत्संग सभा एवं अन्य सिख जत्थेबंदी आदि इसके आयोजन में सहयोग कर रहे हैं. रविवार 13 अक्टूबर की सुबह 9:30 बजे स्त्री सत्संग सभा के द्वारा कीर्तन की शुरुआत होगी.

उसके बाद श्री दरबार साहब अमृतसर के हजूरी रागी भाई साहब गुरमेल सिंह, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब पटना के हजूरी रागी भाई कविंद्र सिंह एवं पटना साहिब के हजूरी कथावाचक भाई साहब गगनदीप सिंह तथा लौहनगरी की बीबी सरबजीत कौर का जत्था गुरुवाणी एवं कथा विचार करेगा. इसी तरह शाम छह बजे से रहिरास साहब का पाठ होगा और उसके बाद कीर्तन दरबार सजेगा. तैयारी को लेकर शुक्रवार को संपन्न बैठक में पूर्व प्रधान गुरदयाल सिंह, सभा के महासचिव हरजीत सिंह, उपाध्यक्ष मनजीत सिंह, कैसियर एचएस बेदी, स्वर्ण जीत सिंह रोसा, बलदेव सिंह, अमृतपाल सिंह, रवेल सिंह, गुरमुख सिंह, सुरजीत सिंह, हरभजन सिंह व अन्य उपस्थित थे.



