जमशेदपुर : भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर)-2026 कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन के आदेशानुसार 26 एवं 27 जुलाई को शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्रों में विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि गणना प्रपत्र भरने, जमा करने एवं डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया पूर्ण करने का यह महत्वपूर्ण और अंतिम अवसर है।मतदाता सूची की शुद्धता एवं अद्यतनता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है. प्रत्येक पात्र मतदाता उक्त दिवसों में अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर जमा करे तथा डिजिटाइजेशन भी सुनिश्चित कराएं. बता दें कि 26 एवं 27 जुलाई को आयोजित विशेष कैंप विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 46-पोटका (अ.ज.जा.) में जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत बूथ संख्या 1 से 104, 47-जुगसलाई (अ.जा.) में जुगसलाई नगर परिषद अंतर्गत बूथ संख्या 156 से 203 तथा जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत बूथ संख्या 204 से 381, जबकि 48-जमशेदपुर पूर्वी एवं 49-जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित किए जाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)
कैंप प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक विशेष कैंप में संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, स्वयंसेवक, स्वयं सहायता समूह एवं सीआरपी की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि गणना प्रपत्र भरने, जमा करने तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जा सके. उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाएं, अपने संबंधित मतदान केंद्र पर समय से पहुंचें और गणना प्रपत्र से संबंधित सभी प्रक्रियाएं पूर्ण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर)-2026 कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें.




