जमशेदपुर: बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के प्रशंसक एवं समाजसेवी पप्पू सरदार ने हरतालिका तीज के अवसर पर शनिवार को साकची स्थित हंडी लाइन में जरूरतमंद महिलाओं के बीच सुहागन का सामान निःशुल्क वितरित किया. तीज का व्रत रखकर पूजा करने वाली 51 महिलाओं को उपहार प्रदान किए गए. उपहार पाकर महिलाओं ने पप्पू सरदार के इस प्रयास की सराहना की. मानगो की शारदा देवी, बारीडीह की कल्पना देवी सहित अन्य महिलाओं ने उन्हें अपना भाई मानते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और तरक्की की कामना की. (नीचे भी पढ़े)

महिलाओं ने कहा कि तीज के अवसर पर मायके से मिलने वाले उपहार की कमी पप्पू भैया ने पूरी कर दी. इस अवसर पर पप्पू सरदार ने कहा कि बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित उन्हें राखी बांधी है अपनी उस बहन के प्रति प्रेम और सम्मान को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से वे हर वर्ष बहनों के लिए इस तरह का आयोजन करते हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्हें इतनी बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मिल रहा है.




