जमशेदपुर: बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के प्रशंसकों में खास पहचान रखने वाले जाने-माने समाजसेवी पप्पू सरदार ने इस वर्ष भी गणेश चतुर्थी के अवसर पर अनूठी पहल की है. उन्होंने अपने साकची, काशीडीह स्थित आवास पर महाराष्ट्र की तर्ज पर श्री गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की है और पूरे पंडाल को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ बेहद खूबसूरती से सजाया है. पंडाल में की गई मनमोहक रोशनी और रचनात्मक कारीगरी देखने लायक है. पप्पू सरदार हर साल गणपति बाप्पा का स्वागत कुछ अलग और सामाजिक संदेश के साथ करते हैं. इस बार की सजावट पूरी तरह से इको-फ्रेंडली (पर्यावरण-अनुकूल) सामग्रियों का उपयोग करके की गई है, जो प्रकृति को बचाने और हरियाली को बढ़ावा देने का आह्वान करती है. (नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर समाजसेवी पप्पू सरदार ने कहा कि श्री गणेश जी की पूजा हमें नई शुरुआत और सही दिशा में कदम बढ़ाने की प्रेरणा देती है. आज प्रकृति का संतुलन बनाए रखना सबसे जरूरी है. इसलिए हमने इस बार गणपति बाप्पा के दरबार को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सजाया है ताकि लोग त्यौहार मनाने के साथ-साथ हमारी धरती और पर्यावरण की रक्षा के प्रति भी जागरूक हो सकें. पप्पू सरदार का यह प्रयास न केवल उनकी गहरी आस्था को दर्शाता है, बल्कि समाज को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश भी दे रहा है.







